
वैदिक ज्योतिष में छाया ग्रह राहु का राशि परिवर्तन एक अत्यंत महत्वपूर्ण खगोलीय एवं ज्योतिषीय घटना मानी जाती है। सदैव वक्री (उल्टी) गति से संचरण करने वाले राहु वर्तमान में कुंभ राशि में गोचर कर रहे हैं, जो अब अपनी अगली यात्रा में न्याय के देवता शनिदेव के स्वामित्व वाली मकर राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। वैदिक पंचाग के आधार पर ज्योतिषाचार्य डॉ. संजय गील ने बताया की छाया ग्रह राहु शनिवार , 5 दिसंबर 2026 को लगभग रात्रि 10 बजकर 37 मिनिट पर कुंभ राशि से धनिष्ठा नक्षत्र में रहते हुए मकर राशि में वक्री अवस्था में प्रवेश करेंगे। इसी समय केतु सिंह राशि से निकलकर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे। विशेष संयोग है कि राहु अपने गुरु शनिदेव के दिवस पर शनि राशि (मकर) में गोचर कर रहे हैं, जिससे इस खगोलीय घटना का प्रभाव और अधिक प्रबल हो गया है। ज्योतिषीय गणना के आधार पर राहु मकर राशि में शुक्रवार, 23 जून 2028 तक लगभग 18 माह धनिष्ठा, श्रवण एवं उत्तराषाढ़ा नक्षत्रों में संचरण करेंगे । ज्योतिष शास्त्र में शनि और राहु के मध्य मित्रता का भाव होने एवं मकर राशि के पृथ्वी तत्व की चर राशि होने से इस गोचर देश-दुनिया, राजनीति, तकनीक और सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते है ।
राशिगत प्रभाव –
1. मेष: कार्यक्षेत्र में बदलाव, पदोन्नति व नई जिम्मेदारियों के योग, अधिकारियों से तालमेल रखें।
2. वृषभ: धर्म-आध्यात्म में रुचि, लंबी यात्राओं व विदेश से लाभ, पिता की सेहत का ध्यान रखें।
3. मिथुन: शोध व गूढ़ विद्याओं में रुचि, अचानक धन लाभ, स्वास्थ्य व वाहन के प्रति सतर्क रहें।
4. कर्क: व्यापारिक साझेदारी में विस्तार, कागजी जांच अवश्य करें व वैवाहिक मतभेद से बचें।
5. सिंह: अत्यंत शुभ गोचर, पुराने रोगों से मुक्ति, शत्रु परास्त और कानूनी व प्रतियोगी परीक्षाओं में विजय।
6. कन्या: शिक्षा व संतान संबंधी चिंता संभव, तकनीक के छात्रों को लाभ, सट्टेबाजी से दूर रहें।
7. तुला: भूमि, भवन या वाहन क्रय के प्रबल योग,क्रोध पर नियंत्रण और माता की सेहत का ध्यान रखें।
8. वृश्चिक: साहस व पराक्रम में वृद्धि,मीडिया, लेखन व मार्केटिंग से जुड़े लोगों को बड़ी सफलता।
9. धनु: धन संचय के नए स्रोत खुलेंगे,वाणी पर संयम और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें।
10.मकर: आत्मविश्वास व महत्वाकांक्षा चरम पर रहेगी, भ्रम व जल्दबाजी में निर्णय लेने से बचें।
11.कुंभ: विदेश यात्रा या विदेश में बसने की इच्छा पूर्ण होगी, अनिद्रा व खर्चों पर नियंत्रण रखें।
12.मीन: आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, आय के नए स्रोत बनेंगे और रुका हुआ धन प्राप्त होगा।
ये करें ज्योतिषीय उपाय
मुख्यतः जिन जातकों की कुंडली में राहु अष्टम, द्वादश, लग्न या सप्तम भाव में गोचर कर रहे हैं, उन्हें शुभ फल प्राप्ति हेतु शिव व भैरव उपासना, दुर्गा सप्तशती पाठ , दुर्गा कवच , श्री कालभैरव अष्टकम का पाठ , राहू मंत्र “ॐ भ्रां भ्रीं भ्रौं सः राहवे नमःके जप के साथ ही शनिवार को जरूरतमंदों को काले कंबल, सप्तधान्य (सात प्रकार के अनाज) या सरसों के तेल का दान , बुजुर्गों की सेवा व अधीनस्थ कर्मचारियों का सम्मान करना चाहिए ।















