ऑटिज्म डिसॉर्डर के चलते उठाया खौफनाक कदम
जयपुर. राजधानी जयपुर में शुक्रवार को ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. यहां कांवटिया सर्किल के पास रामनगर कॉलोनी में एक घर में तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई. आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो घटना से जुड़ी है कहानी सामने आई. घर में मिले शव एक महिला, उसके बेटे और बेटी के हैं. ये तीनों आटिज्म स्पेक्ट्रम डिसॉर्डर से पीड़ित बताए जा रहे हैं. इस बीमारी के चलते बेटे ने अपनी मां और बहन का कत्ल कर दिया और फिर खुद की जीवनलीला भी खत्म कर ली. यह घटना गुरुवार की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार सुबह इस बारे में जानकारी मिली.
अलग-अलग कमरों में मिले शव
एडिशनल डीसीपी (जयपुर उत्तर) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया, भट्टा बस्ती थाना इलाके की रामनगर कॉलोनी में आज सुबह तिवारी परिवार के तीन सदस्यों के शव घर में मिलने की जानकारी मिली थी. भट्टा बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. सरोज तिवारी (50), लकी (27) और शिवांगी (25) के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले हैं. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत इकठ्ठा किए हैं. उनका कहना है कि सरोज के पिता दिल्ली रहते हैं. उन्हें घटना की जानकारी दी है. उनके आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा

















